CM Sukhu: राजेश धर्माणी को कैबिनेट में मिलेगी जगह, सीएम सुखविंद्र सुक्खू ने दिए संकेत
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से कांग्रेस के एकमात्र विधायक राजेश धर्माणी को कैबिनेट में जगह मिलेगी या नहीं, इन सवालों पर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विराम लगा दिया है गुरुवार को बिलासपुर में प्रेसवार्ता में सीएम ने धर्माणी को कैबिनेट में शामिल करने के संकेत दिए।सीएम ने कहा कि बिलासपुर को कैबिनेट में जगह जरूर मिलेगी। इस दौरान कांग्रेस विधायक धर्माणी उनके साथ थे। मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में कांग्रेस और सरकार भी तैयार है। सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की उम्मीद प्रतिदिन धुंधली होती जा रही है।
प्रदेश कैबिनेट ने विशेष राहत पैकेज के लिए प्रस्ताव पारित किया था, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने आपदा के समय प्रदेश के लोगों के साथ खड़े होने के बजाए राजनीतिक रोटियां सेंकी। राज्य से आपदा से संबंधित 12 हजार करोड़ का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। यह हमारा अधिकार है। भेजे गए प्रस्ताव पर नियमानुसार केंद्र सरकार को जल्द से जल्द धनराशि जारी करनी चाहिए। सीमेंट के दाम बढ़ाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें आज ही मिली है। शिमला जाकर इस पर विचार किया जाएगा
बिलासपुर में एक साल में तैयार होगी प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी
जिले के रौड़ा सेक्टर में प्रदेश की पहली डिजिटल लाइब्रेरी बनेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को तीन करोड़ रुपये से बनने वाली लाइब्रेरी का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री कहा कि लाइब्रेरी में पुस्तकों का संग्रह डिजिटल दस्तावेज के रूप में पाठकों को प्राप्त होगा इसे इंटरनेट के माध्यम से हासिल किया सकेगा। मुख्यमंत्री ने लाइब्रेरी को साल के अंत तक शुरू करने के निर्देश दिए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों की 10 पंचायतों में भी ऐसी और डिजिटल लाइब्रेरी खोली जाएंगी। इसके लिए हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के साथ अनुबंध किया गया है