भाजपा प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्मानी का कांग्रेस के झूठे आरोपों पर पलटवार
घुमारवीं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्मानी ने कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और विकास विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का खुद का इतिहास घोटालों और भ्रष्टाचार से भरा रहा है, और जब प्रदेश को एम्स जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है, तो कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जेपी नड्डा के प्रयासों से समय समय पर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं, जिनमें फोरलेन परियोजनाएं, रेलवे विस्तार और एम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना है और इस दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों से न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे देश को लाभ मिल रहा है।
महेंद्र धर्मानी ने कांग्रेस नेताओं को चेताते हुए कहा कि वे अपनी हैसियत में रहकर बयानबाजी करें और जनता को गुमराह करने से बचें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना को लेकर लगातार रोड़े अटकाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता कांग्रेस की मंशा को भली-भांति समझती है।
धर्मानी ने कहा कि कांग्रेस की बौखलाहट इस बात का संकेत है कि वह जेपी नड्डा की बढ़ती लोकप्रियता और उनकी राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों से परेशान है। यही कारण है कि कांग्रेस नेता अनर्गल और बेबुनियाद आरोप लगाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की सच्चाई को समझ चुकी है और अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन के मार्ग पर चलते हुए जनता की सेवा में समर्पित है। वहीं, कांग्रेस हमेशा झूठ और भ्रम फैलाने में विश्वास रखती आई है। लेकिन अब हिमाचल की जनता कांग्रेस के इस छलावे को भली-भांति समझ चुकी है। भाजपा हिमाचल प्रदेश के हर नागरिक के विकास के लिए संकल्पबद्ध है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।