परिवहन निगम को घाटे से उभारने के लिए किए जा रहे नित नए प्रयोगों का असर यह है कि एचआरटीसी ने अक्तूबर माह में रिकाॅर्ड 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। अकेले दीपोत्सव पर ही परिवहन निगम ने 2.72 करोड़ की कमाई की है।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी ने अक्तूबर माह में 76.53 करोड़ रुपए कमाए हैं, जबकि पिछले वर्ष अक्तूबर माह में यह आंकड़ा 68.49 करोड़ रुपए था। इस बार परिवहन निगम ने यात्री आय में 12 फीसदी की वृद्धि की है। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2024-25 के पहले 7 महीनों की कुल आय 2023-24 के पहले 7 महीनों से 63 करोड़ रुपए अधिक है, जो करीब 14 प्रतिशत की वृद्धि है।
एचआरटीसी को सबसे अधिक आय 30 अक्तूबर को 2.92 करोड़ रुपए हुई। इस वृद्धि में विशेष दिवाली बसों का भी योगदान है। दिवाली के दिन भी एचआरटीसी ने अपनी सेवाएं जारी रखीं और लोगों को गंतव्य तक पहुंचा कर राहत प्रदान की है, ऐसे में दिवाली पर भी 2.72 करोड़ रुपए की परिवहन निगम को आय हुई।
इस वर्ष पहले 7 महीनों में कुल यात्री आय 519 करोड़ रही। 2023-24 के लिए यह आंकड़ा 456 करोड़ रुपए था। 2022-23 के दौरान 458 करोड़ रुपए आय थी। कोविड से पहले भी 2019-20 में यह आंकड़ा 503 करोड़ रुपए था। इस प्रकार निगम ने इस वित्तीय वर्ष में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ राजस्व प्रदर्शन करने के लिए बहुत मेहनत की है।
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि यह सब एचआरटीसी के कर्मठ कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है, जिसके फलस्वरूप अक्तूबर माह में निगम ने न केवल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया, अपितु रिकाॅर्ड कमाई भी की है।