Himachal News: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- भाजपा नेताओं ने रुकवाई हिमाचल को मिलने वाली मदद
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने बिना केंद्र सरकार की मदद के आपदा प्रभावित 25,000 से अधिक परिवारों को बसाया, जबकि भाजपा नेताओं ने आपदा में भी राजनीति की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने बीते वर्ष बरसात के मौसम में अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा का सामना किया। भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन ने जनजीवन तथा संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया। इस आपदा के दौरान प्रदेश के भाजपा नेताओं का राज्य विरोधी चेहरा देखने को मिला। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की मदद करने की जगह भाजपा नेता केंद्र सरकार की आर्थिक मदद रुकवाने के लिए रोड़े अटकाते रहे।