विपक्षी दल जितना मर्जी लगाए दम ,पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता नहीं होगी कम --राजेन्द्र गर्ग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा हर स्तर पर किये जा रहे कार्यों से जहां गरीब का कल्याण, देश का विकास, देश की सुरक्षा निश्चित हुई है। वहीं, आज देश विश्व की महान शक्तियों को पछाड़कर दुनिया में नंबर वन पर खड़ा है। विपक्षी दल जितना मर्जी प्रयास कर ले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को कम नहीं कर सकते। यह बात भाजपा के स्थापना दिवस पर घुमारवीं के लुहारवीं बूथ पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कही।
राजेंद्र गर्ग गुरूवार को घुमारवीं के लुहारवीं बूथ पर मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं व लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
गर्ग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास भारतीय जनसंघ से जुड़ा है। 21 अक्तूबर 1951 को दिल्ली में जनसंघ की स्थापना हुई थी। जबकि बीजेपी का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ। कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत बीजेपी आज अपने सियासी इतिहास के सबसे बुलंद मुकाम पर है। केंद्र से लेकर देश के आधे से अधिक राज्यों की सत्ता पर भाजपा काबिज है।
कार्यक्रम में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुना।
मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने बताया कि गुरूवार को भाजपा ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के 111 बूथों पर स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किये। इस मौके पर काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व लोग उपस्थित थे।