अपनी और बहन की जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया पुलिस जवान
हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के साथ लगती मझवाड़ पंचायत में अपनी और बहन की जान बचाने के लिए पुलिस जवान तेंदुए से भिड़ गया। हालांकि, दोनों घायल हो गए हैं। इन्हें जोनल अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बीती बुधवार शाम को स्कूटी पर पुलिस जवान ललित चंदेल (34) और उनकी बहन सीता देवी मंडी से घर की ओर जा रहे थे। मझवाड़ के थोड़ी पीछे कांढी गलू नामक स्थान पर तेंदुए ने उनकी बहन पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से सीमा स्कूटी से गिर गईं। स्कूटी भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। स्कूटी गिरते ही तेंदुए ने उन पर सीमा को छोड़कर ललित पर हमला कर दिया। उसने ललित की गर्दन पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हेलमेट पहना होने के कारण वह कामयाब नहीं हो पाया। ललित ने भी हिम्मत दिखाई तो तेंदुए से भिड़ गए।
हेलमेट उतारा और इससे तेंदुए पर प्रहार करना शुरू कर दिया। करीब दस मिनट तक संघर्ष चलता रहा। सीमा के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग मौके पर जमा हो गए। इस कारण तेंदुआ भाग गया। क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है। ललित चंदेल पधर डीएसपी कार्यालय में तैनात हैं। वर्तमान में डीएसपी पधर के गनमैन हैं। ललित के बाजू हाथ और टांगों में चोट आई है। उनकी वर्दी भी फट गई है। उधर, एएसपी आशीष शर्मा ने ललित के हौसले की सराहना की। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने कहा कि ललित के हाथ और बाजू में चोटें आई हैं। उनकी बहन को भी हल्की चोटें हैं। उधर, डीएफओ वासु डोगर ने कहा कि तेंदुए की हमले की सूचना के बाद उसे पकड़ने के लिए विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है