70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों की समस्याएं पहले सुनने की अनुराग ठाकुर की सराहनीय पहल
घुमारवीं
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर बिलासपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने लोक निर्माण विश्राम गृह में लोगों की समस्याओं को सुना। वहीं घुमारवीं पहुंचने पर हैंडबॉल के खिलाड़ियों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने एक शानदार पहल करते हुए सबसे पहले 70 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को अपनी समस्याएं रखने की अपील की।
जिसके बाद अन्य आयु के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अनुराग ठाकुर के समक्ष रखी। वहीं इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजिंद्र गर्ग व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राजनीतिक सलाहकार व प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं अनुराग ठाकुर द्वारा बुजुर्गों का सम्मान करते हुए उनकी समस्याएं पहले सुने जाने पर अपनी समस्या रखने आये बुजुर्ग कर्मचंद चंदेल ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने जनसमस्याएं सुनते वक्त एक अच्छी प्रथा की शुरुआत करते हुए बुजुर्गों की समस्याओं को पहले सुना और उनका जल्द निवारण के आश्वासन दिया।
वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि घुमारवीं व झंडूता की जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने वह पहुंचे हैं और जनता की समस्याओं का जल्द ही समाधान हो उनका यह सदैव प्रयास रहेगा। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश में खालिस्तानी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू द्वारा दिये जा रहे संदेश का कोई अस्तित्व न होने की बात कही। वहीं सोशल मीडिया व प्रेस में उन्हें हिमाचल का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह चर्चाएं अक्सर चलती रहती हैं मगर इनका सच्चाई से कोई सरोकार नहीं है।