सुविधा: हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में आज से मुफ्त होंगे 233 टेस्ट
हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में शनिवार शाम पांच बजे से मरीजों के 233 टेस्ट निशुल्क होंगे। अस्पतालों में सेवाएं दे रही एसआर लैब शाम पांच बजे हट जाएगी। इसके स्थान पर पुणे की कंपनी मरीजों को टेस्ट सुविधा उपलब्ध करवाएगी। 20 दिनों के भीतर कंपनी अस्पताल परिसरों में आधारभूत ढांचा विकसित कर देगी।
जब तक कंपनी अधिकारियों को आधारभूत ढांचा स्थापित नहीं हो जाता, तब तक कंपनी के कर्मचारी सैंपल चंडीगढ़ जांच के लिए भेजेंगे। इसके लिए कंपनी की ओर से 8 से 10 गाड़ियां लगाई जाएंगी। कंपनी ने प्रतिदिन मरीजों को रिपोर्ट देने का दावा किया है। यह सेवाएं प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेजों, जोनल अस्पतालों, सिविल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध होगी
पहले अस्पतालों में 11 तरह की श्रेणियों में आने वाले मरीजों को ही यह सुविधा थी, लेकिन अब सभी मरीजों को निशुल्क टेस्ट सुविधा का लाभ मिलेगा। इसमें अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के उपनिदेशक रमेश चंद ने कहा कि आज से पुणे की कंपनी मरीजों के निशुल्क टेस्ट करवाने का काम संभालेगी।