Mandi News: पूर्व मंत्री मनसा राम का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, सीएम ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मनसा राम का रविवार को करसोग में उनके पैतृक श्मशानघाट इमला विमला मोक्षधाम पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व मंत्री के पार्थिव शरीर को उनके बेटों कृष्ण राज, महेश राज और प्रदीप कुमार ने मुखाग्नि दी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी इस मौके पर मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) सुंदर सिंह ठाकुर ने भी करसोग पहुंचकर मनसा राम को श्रद्धांजलि दी।
उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए करसोग के न्यारा कॉलोनी स्थित उनके निवास में रखा गया था। इस दौरान पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मनसा राम राज्य के पहले मुख्यमंत्री वाईएस परमार के मंत्रिमंडल में करसोग से सबसे कम उम्र के मंत्री थे।