घुमारवीं में स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए कांग्रेस ने लगाया तम्बू
घुमारवीं
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुमारवीं ने स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय घुमारवीं परिसर में ईवीएम स्ट्रांग रूम पर नजर रखने के लिए बाकायदा तंबू गाड़ दिया है। इस तंबू में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता दिन रात पहरा देंगे। ऐसा प्रतीत होता है कि यह तंबू 8 दिसंबर सुबह तक महाविद्यालय परिसर में ही रहेगा। बताते चलें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान जागीर सिंह ने पुलिस प्रशासन के पास शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि उन्हें ईवीएम स्ट्रांग रूम में छेड़छाड़ होने की पूर्ण आशंका है।
पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि आरोपित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। इसी के चलते ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बीते कल महाविद्यालय गेट के सामने जबरदस्त प्रदर्शन किया तथा धरना भी दिया। इस धरने में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी राजेश धर्माणी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी आशंका जाहिर करते हुए कहा है कि कुछ लोग स्ट्रांग रूम के आसपास घूमते हुए नजर आए। हालांकि पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।