हिमाचल प्रदेश में बड़ा हादसा: गोबिंद सागर झील में डूबने से पंजाब के सात युवकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोबिंद सागर झील में डूबने से पंजाब के सात युवकों की मौत हो गई। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। युवक मोहाली पंजाब के रहने वाले थे। पुलिस थाना बंगाणा से मिली जानकारी के मुताबिक गांव कोलका बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंद सागर झील में करीब 3.50 बजे यह हादसा हुआ।
पुलिस को 7 युवकों की डूबने की सूचना मिली। 11 लोग गांव बनूड़ जिला महोली पंजाब से बाबा बालक नाथ मंदिर जा रहे थे। बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंदसागर झील में नहाने उतर गए। पानी गहरा होने के कारण सात युवकों की डूबकर मौत हो गई।
चार युवक किसी तरह पानी से बाहर निकले और मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोग भी मदद के पहुंचे लेकिन डूबे युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और शवों की तलाश शुरू की। गोताखोर झील में उतरे जिसके बाद सभी शव बरामद हुए। एसडीएम बंगाणा योगराज धीमान ने कहा गोबिंद सागर झील में डूबने से पंजाब के सात युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
मुख्यमंत्री ने सात लोगों के झील में डूबने की घटना पर दुख जताया
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को ऊना जिले के अंदरोली में गोबिंदसागर झील में सात लोगों के डूबने की घटना पर दुख व्यक्त किया है। सभी डूबने वाले लोगों के शव गोताखोरों की ओर से निकाल लिए गए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।