मिनी सचिवालय के बाहर मरा मुर्गा लेकर बैठ गया शख्स, ये थी वजह…
ऊना, 11 मार्च : मिनी सचिवालय ऊना में शुक्रवार दोपहर बाद एक प्रवासी व्यक्ति मरा हुआ मुर्गा लेकर पहुंच गया। उसने पड़ोस के युवक पर मुर्गे को मारने का आरोप लगाते हुए इंसाफ की गुहार लगाई। मरा हुआ मुर्गा लेकर पहुंचे शख्स को देखने के लिए लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। काफी देर तक हंगामा होता देख जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फरियादी को अपने साथ ले गई।
बताया जा रहा है कि फरियादी शराब के नशे में भी था।जानकारी के मुताबिक राजेश रॉय निवासी बेगूसराय, बिहार पिछले काफी समय से ऊना मुख्यालय के साथ लगते बसाल में रह रहा है। शुक्रवार दोपहर राजेश राय हाथ में एक मृत मुर्गा लेकर मिनी सचिवालय पहुंच गया। जहां पर रोता हुआ पहले कोर्ट में घुस गया, जहां से अधिवक्ताओं ने बाहर किया। जिसके बाद राजेश राय ने मिनी सचिवालय के बाहर मृत मुर्गा रखकर बैठ गया।
राजेश का आरोप है कि पड़ोस के ही एक युवक ने जहरीला पदार्थ देकर तीन मुर्गे मार दिए थे। चौथा मुर्गा बचा था, जिसे भी मौत के घाट उतार दिया है। ऐसे ऊना प्रशासन युवक पर कार्रवाई करें। काफी देर तक राजेश मिनी सचिवालय के बाहर बैठा रहा। सूचना मिलने के बाद सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश को अपने साथ ले गई, जहां पर आगामी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।