घुमारवीं में विवाहिता ने पेड़ से फंदा लगाकर की आत्महत्या -क़हलूर न्यूज़
घुमारवीं -क़हलूर न्यूज़
पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाली ग्राम पंचायत पट्टा के गांव पब्बा (कुठाकर) में एक विवाहिता ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मृतका की पहचान पुष्पा देवी (30 वर्ष) पत्नी सतीश कुमार बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सिविल अस्पताल घुमारवीं के चिकित्सक द्वारा पुलिस थाना घुमारवीं को सूचित किया गया। पुलिस की एक टीम पुलिस थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर की अगुवाई में सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंची।
पुलिस को बताया गया कि इस महिला ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस प्रशासन द्वारा डीएसपी अनिल ठाकुर को घटना के बारे में सूचित किया गया। डीएसपी अनिल ठाकुर भी सिविल अस्पताल घुमारवीं पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मृतिका के गले पर फंदे का निशान पाया गया। डीएसपी अनिल ठाकुर ने स्थानीय एस एफ एस एल टीम को सूचित किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जाकर बारीकी से जांच पड़ताल की। बताया जा रहा है मृतका का पति होमगार्ड के रूप में पुलिस थाना घुमारवीं में अपनी सेवाएं दे रहा है। पुलिस ने मृतिका के मायके वालों को सूचित कर दिया है। मृतिका अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गई हैं।
डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि शव को शव गृह में रख दिया गया है। मायके वालों का कहना है कि जब तक वो लोग नहीं पहुंचते तब तक शव का पोस्टमार्टम ना किया जाए। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।