अरुणाचल प्रदेश: कामेंग सेक्टर में हिमस्खलन में फंसे भारतीय सेना के 7 जवानों में हिमाचल के उपमंडल घुमारवीं के जवान की फसने की आशका
अरुणाचल प्रदेश में सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त के दौरान सेना के सात जवान हिमस्खलन में फंस गए हैं। उनको बचाने का कार्य चल रहा है और इसके लिए बाहर से विशेष टीमें भी बुलाई गई हैं। सेना ने बताया कि यह हादसा राज्य के कामेंग सेक्टर में ऊंचाई वाले इलाके में रविवार को हुआ। जवान सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रहे थे तभी अचानक हिमस्खलन होने से वो उसमें फंस गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही सेना ने तलाशी और बचाव अभियान शुरू कर दिया। जवानों को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। ऐसे बचाव कार्यो में दक्ष टीमों को बाहर से भी बुलाया गया है। सेना ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से उपरोक्त इलाके में मौसम बहुत खराब बना हुआ है। भारी हिमपात हो रहा है। कामेंग क्षेत्र अरुणाचल प्रदेश का पश्चिमी इलाका है।
भारतीय सेना की पूर्वी कमान इस क्षेत्र में 1,346 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करती है। इसमें अरुणाचल प्रदेश के साथ ही सिक्किम के इलाके भी आते हैं। इस कमान में तीन कोर शामिल हैं। 33वीं कोर सिक्किम, चौथी कोर कामेंग सेक्टर और तीसरी कोर शेष अरुणाचल प्रदेश में सुरक्षा की जिम्मेदारी को संभालती है।