बंदला की पैराग्लाइडिंग साइट को स्वीकृति दिलाने पर विधायक सुभाष ठाकुर सम्मानित
बिलासपुर -क़हलूर न्यूज़
अब पैराग्लाइडिंग का शौक रखने वालों के लिए एक नई पहल की शुरुआत बिलासपुर में हुई है और इसके तहत बंदला की पैराग्लाइडिंग साइट को 27 वर्षों के बाद सरकार ने स्वीकृति दिलाने के पीछे सदर के विधायक सुभाष ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान है। यह बात बंदला पंचायत के प्रधान सतीश ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि इतने वर्षों से बिलासपुर में बंदला की धार से पैराग्लाइडिंग की जा रही है लेकिन आज तक इसे टेक्निकल स्वीकृति देने का प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि दो वर्षो के अथक प्रयास के बाद सुभाष ठाकुर इसे स्वीकृति दिलाने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग ने भी इसे हरी झंडी दे दी है। सतीश ठाकुर ने शनिवार को सदर के विधायक सुभाष ठाकुर को सम्मानित भी किया।
उन्होंने बताया कि अब बंदला से अब सैलानी पैराग्लाइडिंग का आनंद उठा सकेंगे। विधायक को सम्मानित करते समय उनके साथ सीहड़ा पंचायत के उपप्रधान और युवा मोर्चा सदर मंडल के सचिव विपन ठाकुर व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।