सुहाग की लंबी उम्र को महिलाएं आज रखेंगी वत्र
घुमारवीं -रजनीश धीमान
पति पत्नी के प्रेम और स्नेह का प्रतीक पर्व करवा चौथ रविवार को मनाया जाएगा। इस पर्व पर शनिवार को घुमारवीं शहर एवं क्षेत्र के बाजारों में रौनक देखने को मिली। 24 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं पूरे दिन निर्जल उपवास कर शाम को चंद्रमा को जल अर्पित कर अपने-अपने पतियों की लंबी आयु के लिए प्रार्थना करतीं हैं। करवा चौथ पर्व से एक दिन पूर्व शहर एवं क्षेत्र के बाजार लंबे समय बाद गुलजार दिखाई दिए। कोरोना काल के प्रतिबंधों से मुक्त हुए बाजार में खूब रौनक दिखाई दी। पर्व पर बाजार सजे भी हैं और ग्राहकों का आना भी तेज हो चला है। बाजार में ज्वेलरी की बिक्री होने लगी है। वहीं सूट साड़ी एवं कपड़ों की दुकानों में भी महिलाओं की काफी भीड़ दिखाई दी। करवा चौथ व्रत को लेकर महिलाओं में खरीदारी के क्रेज के चलते रौनक रही। इस दौरान महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। ऑनलाइन शॉपिंग के क्रेज के बावजूद महिलाओं ने बाजार से करवा चौथ व्रत की पूजा के लिए प्रयोग की जाने वाले वस्तुएं जैसे सुहागी, नारियल, करवा की जमकर खरीददारी की। ब्यूटी पॉर्लर में भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।