विस्तार -
हिमाचल प्रदेश में बढ़ते कोरोना संकट के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। शाम को पांच बजे यह बैठक पीटरहॉफ में होगी। बैठक में प्रदेश में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए लॉकडाउन लगाने पर फैसला लिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन लगाने से पहले प्रदेश सरकार विपक्षी दलों की राय लेना चाह रही है। बुधवार को कैबिनेट की बैठक में भी होनी है। इसमें कोरोना को लेकर कई बड़े फैसले होंगे।सर्वदलीय बैठक में लिए फैसलों पर कैबिनेट में मुहर लग सकती है।
आए दिन बन रहा कोरोना का रिकाॅर्ड
आंकड़ों पर नजर डाले तो प्रदेश में आए दिन कोरोना संक्रमितों की मौतों और नए मामलों के रिकाॅर्ड टूट रहे हैं। सोमवार को ही एक दिन में रिकॉर्ड 55 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई थी। कांगड़ा जिले में स्थिति सबसे खराब है। यहां कोरोना के सक्रिय केस कांगड़ा 5384 के पार पहुंच चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार भी कांगड़ा में लाॅकडाउन लगाने की मांग कर चुके हैं। प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 107121 के पार पहुंच गया है। इनमें से अब तक 80679 से अधिक संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय कोरोना मामले अब करीब 21788 हैं और 1599 से ज्यादा संक्रमितों की मौत हुई है।