घुमारवीं बस स्टैंड पर बस में मिला व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
घुमारवीं: बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक बस में सवार व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की पहचान भराड़ी उपतहसील के लौहट के पास दमेहड़ा गांव के निवासी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति उखली से बस में सवार हुआ था और उसने डंगार का टिकट लिया था। बताया जा रहा है कि बस अपने निर्धारित रूट पर चलते हुए घुमारवीं बस स्टैंड पहुंची। इस दौरान परिचालक की नजर उस व्यक्ति पर पड़ी, जो अभी भी अपनी सीट पर बैठा हुआ था, जबकि उसे डंगार में उतरना था।
परिचालक ने जब उससे उतरने के लिए आवाज लगाई तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर उसने पास जाकर व्यक्ति को देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद बस स्टैंड पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।