*बोर्ड परीक्षार्थियों को एसडीएम गौरव चौधरी की शुभकामनाएं, रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर लगी रोक*
*बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र एसडीएम गौरव चौधरी की अपील, रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध*
*विद्यार्थियों के हित में प्रशासन सतर्क, रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर उपयोग पर कार्रवाई तय*
घुमारवीं, 26 फरवरी
उप मंडल अधिकारी (नागरिक) घुमारवीं गौरव चौधरी ने मार्च माह से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष कठिन परिश्रम किया है और अब उस मेहनत को परीक्षा के माध्यम से सिद्ध करने का समय आ गया है। उन्होंने सभी छात्रों को “ऑल द बेस्ट” कहते हुए अपनी पढ़ाई पर पूर्ण रूप से फोकस करने की सलाह दी।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान संतुलित एवं हेल्दी डाइट लेने, नियमित व्यायाम करने तथा तनावमुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन से अच्छे परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त एसडीएम ने घुमारवीं एवं आसपास के क्षेत्रों में विवाह, शादियों, जागरण तथा अन्य कार्यक्रमों में रात 10:00 बजे के बाद ऊंची आवाज में लाउडस्पीकर और डीजे के प्रयोग पर एतराज जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती है, जो कतई उचित नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि परीक्षा अवधि के दौरान नियमों का पालन करें और रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न करें।
इस संबंध में उन्होंने पुलिस थाना घुमारवीं एवं भराड़ी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर, डीजे या साउंड सिस्टम का अवैध रूप से उपयोग करते हुए पाया जाता है तो संबंधित उपकरणों को जब्त कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
एसडीएम ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज का सहयोग अत्यंत आवश्यक है और सभी नागरिकों को परीक्षा के दौरान शांत वातावरण बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।