संस्कार सोसाइटी घुमारवीं ने मंडी आपदा राहत हेतु 63 हजार रुपये की राशि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सौंपी।
घुमारवीं
सामाजिक सरोकारों में हमेशा अग्रणी रही संस्कार सोसाइटी घुमारवीं ने एक बार फिर अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए मंडी जिले में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए संस्था ने 63 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
यह राशि पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर को चेक के माध्यम से भेंट की गई। चेक को औपचारिक रूप से संस्कार सोसाइटी के संस्थापक महेन्द्र धर्मानी ने सौंपा। इस अवसर पर जय राम ठाकुर ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में इस प्रकार के सहयोग समाज को मजबूती प्रदान करते हैं और पीड़ितों को संबल देते हैं।
महेंद्र धर्मानी ने बताया कि मंडी क्षेत्र में बाढ़ से व्यापक तबाही हुई है और कई परिवारों को अपना घर, रोजगार व जीवन का साधन खोना पड़ा है। ऐसे समय में हर सक्षम नागरिक व संस्था का यह कर्तव्य बनता है कि वे यथासंभव मदद के लिए आगे आएं। संस्कार सोसाइटी ने इसी सोच के साथ यह छोटा सा प्रयास किया है।
संस्था के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी राहत प्रयासों के लिए सरकार के साथ सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने समाज के अन्य वर्गों से भी अपील की कि वे आगे आकर इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों की मदद करें।
बताते चले कि संस्कार सोसाइटी घुमारवीं विगत कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण व आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान, गरीब परिवारों को राशन वितरण जैसे कार्य भी किए जाते हैं।