केवल होर्डिंग्स लगाने वाली और फॉर्म भरवाने वाली सरकार के रूप में जानी जाएगी सुक्खू सरकार -महेंद्र धर्माणी
केवल होर्डिंग्स लगाने वाली और फॉर्म भरवाने वाली सरकार के रूप में जानी जाएगी सुक्खू सरकार। भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने सुक्खू सरकार द्वारा प्रदेश की महिलाओं के लिए 1500 रुपए प्रति माह देने की घोषणा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक देखकर प्रदेश सरकार महिलाओं से सम्मान निधि पर फॉर्म भरवाने का काम कर रही है, इसी तरह के फॉर्म कांग्रेस के नेताओं ने विधानसभा चुनावों से पूर्व भी भरवाए थे, लेकिन डेढ सरकार के कार्यकाल में सुक्खू सरकार महिलाओं के खातों में 1500 रुपए देने में नाकाम रही है।
महेंद्र धर्माणी ने कहा कि प्रदेश की जनता और महिलाएं सुक्खू सरकार की झूठी गारंटियों का करारा जवाब लोकसभा चुनावों में देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं यह जानना चाहती है कि जो फॉर्म कांग्रेस के नेताओं ने विधान सभा चुनावों से पहले घर-घर जाकर भरवाये थे उनका क्या हुआ?
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 22लाख महिलाएं जिनकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच है और कांग्रेस की गारंटी के अनुसार पात्र हैं, लेकिन माननीय मुख्यमंत्री ने जो घोषणा की है वह अपने आप में विरोधाभासी है जिसके अनुसार 5लाख महिलाओं को यह राशि दी जाएगी जिस पर 800करोड़ रूपए खर्च होंगे जबकि गारंटी के अनुसार इस राशि पर 4000 करोड़ की राशि खर्च होगी। उन्होंने सुक्खू सरकार की आलोचना करते हुए कहा की वह प्रदेश की महिलाओं को झूठी घोषणाओं के सहारे गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है।
महेंद्र धर्माणी ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को 1500 रूपए प्रति माह देने का बजट में कोई भी प्रावधान नहीं किया है, कांग्रेस सरकार झूठी घोषणाएं करके लोकसभा चुनाव में वोट लेने के लिए इस प्रकार की घोषणाएं कर रही है। सरकार झूठे प्रचार के लिए करोड़ों रूपए खर्च करके होर्डिंग्स लगवाकर प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है और महिलाओं को भ्रमित करने के लिए दोबारा फॉर्म भरा रही है, ताकि लोकसभा चुनावों में वोट हासिल कर सके।