Himachal News - पहले पत्नी, फिर खुद का गला ब्लेड से काटा, दोनों पीजीआई रेफर
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट कस्बे में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पहले ब्लेड से अपनी पत्नी का गला रेत डाला और उसके बाद अपना गला भी काट लिया। चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनने के बाद जब पड़ोसी घर पहुंचे तो पति-पत्नी खून में लथपथ थे। दोनों को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया। यहां पर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। गगरेट पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा की तहसील नूरपुर के परगना गांव का रहने वाला यशपाल अपनी पत्नी ममता के साथ पिछले कई साल से गगरेट में रह रहा है। वह एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है।