Chamba: पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मणिमहेश यात्रा पर निकलीं मां-बेटी की मौत, दो घायल
#landslidechamba #manimaheshyatra
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हड़सर-दुनाली मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से मणिमहेश यात्रा पर जा रहीं मां-बेटी की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। मृतकों की पहचान अंविता (10) पुत्री गोगा राम और सोनू देवी (32) पत्नी गोगा राम निवासी लुपयाणा तहसील हारचक्कियां जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। साहिल शर्मा (22) पुत्र सुभाष चंद गांव सलोली मोड़ जिला ऊना और गणेश (27) पुत्र तिलक राज निवासी वार्ड-5 सुजानपुर तहसील और जिला पठानकोट घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा हड़सर-दुनाली मार्ग पर दुनाली के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। इसकी चपेट में पैदल मणिमहेश यात्रा पर जा रही मां-बेटी व दो अन्य लोग आ गए। हादसे के बाद घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। इस बार मणिमहेश यात्रा के दौरान अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। बीएमओ डॉ. अंकित ने पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि दो घायल अस्पताल में उपचाराधीन है।