प्रदेश के विकास में कर्मचारियों व अधिकारियों का बहुत बड़ा योगदान-मुख्यमंत्री
घुमारवीं ( रजनीश धीमान)
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास में कर्मचारियों व अधिकारियों का बहुत बड़ा योगदान रहता है। यह बात उन्होंने घुमारवीं में पत्रकार वार्तालाप में कही। मुख्यमंत्री रविवार सुबह सड़क मार्ग से धर्मशाला जा रहे थे। कुछ देर के लिए वह लोक निर्माण विश्राम गृह घुमारवीं में रूके। जहां पर खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, ओएसडी महेंद्र धर्माणी व पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह द्वारा कर्मचारियों को पटक-पटक कर मारने के बयान पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह विक्रमादित्य को कोई भी सलाह नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य पहली बार विधायक बने हैं, जबकि वह कह रहे हैं कि उन्होंने बहुत ही सरकारें देखी हैं। उनकी बातों से लगता है कि पहली बार विधायक बनने के बावजूद वह बहुत अनुभवी हैं और इसीलिए वह शायद ऐसी बात कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों व अधिकारियों के बारे में पटक-पटक कर मारने जैसे शब्द इस्तेमाल करने को किसी भी तरह से तर्कसंगत नहीं ठहराया जा सकता। यह कोई जिम्मेदारी के साथ कही गई बात नहीं है। उन्हें संयम से काम लेना चाहिए क्योंकि वह एक विधायक हैं।
उन्हें मालूम होना चाहिए कि हर कर्मचारी व विधायक का काम करने का एक दायरा होता है और वह देश व प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उपचुनाव पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी पार्टी की तरफ से चुनावों की पूरी तैयारी हो चुकी है और सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पैनल में भेज दिए गए हैं। उम्मीदवार तय होते ही अगली रणनीति बनाई जाएगी। मंडी से उम्मीदवार का नाम पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने हंसते हुए जवाब दिया कि वहां से भी कोई न कोई पार्टी का ही कार्यकर्ता चुनाव लड़ेगा।
इस मौके पर फुल के साथ खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, मंडल अध्यक्ष सुरेश चंदेल, घुमारवीं भाजपा मीडिया प्रभारी महेंद्र पाल रतवान, अमरनाथ धीमान सहित कई लोग मौजूद रहे।