कांगड़ा: महिला ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, पति गिरफ्तार
कांगड़ा - क़हलूर न्यूज़
कांगड़ा जिले के शाहपुर के धनोटू गांव में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। थाना शाहपुर पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार किया है। मृतक महिला के भाई ने जीजा पर बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। भाई की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के भाई राकेश कुमार पुत्र दासो राम निवासी सिहंवा ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन सरला देवी (32) की शादी 2007 में जोगिंद्रसिंह (40) के साथ हुई थी, लेकिन शादी के 13-14 वर्ष बीत जाने के बाद उन्हें बच्चा नहीं हुआ। इसी कारण ससुराल पक्ष के लोग सरला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
पुलिस ने मृतका के पति जोगिंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थाना शाहपुर के एसएचओ त्रिलोचन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला भेज दिया है। मामले की जांच चल रही है।