घुमारवीं में ओवरहेड फुट ब्रिज का कार्य शुरू
रजनीश धीमान । घुमारवीं
सिविल अस्पताल घुमारवीं के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ओवरहेड फुट ब्रिज का कार्य शुरू हो गया है। इस ओवरहेड फुट ब्रिज के निर्माण पर 62 लाख रुपए खर्च होंगे। जिला बिलासपुर का यह पहला ओवरहेड फुट ब्रिज होगा। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने घुमारवीं शहर में लोगों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए ओवरहेड फुट ब्रिज बनाने की मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष रखी थी। उसके बाद इस फुटब्रिज की स्वीकृति प्रदान की गई। इस ओवरहेड फुट ब्रिज बन जाने से शहर वासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बताते चलें सिविल अस्पताल घुमारवीं राष्ट्रीय उच्च मार्ग एकदम समीप पड़ता है।
इस अस्पताल में एक दिन में सैकड़ों लोगों का आना जाना होता है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर वाहनों की अत्याधिक आवाजाही होने के चलते रोगियों, बुजुर्गों, बच्चों तथा महिलाओं को सड़क क्रॉस करना मुश्किल हो जाता है। इतना ही नहीं राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा होने के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। जिन बुजुर्गों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं आना होता है, उनके परिजन बुजुर्गों को पकड़ कर सड़क क्रॉस करते हुए नजर आते हैं। लेकिन अब इस ओवरहेड फुटब्रिज के बन जाने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार इस फुट ब्रिज की लंबाई 15 मीटर होगी। फुट ब्रिज की चौड़ाई 2 मीटर होगी। राष्ट्रीय उच्च मार्ग से ओवरहेड फुट ब्रिज की ऊंचाई 7 मीटर होगी। ताकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही में कोई भी परेशानी उत्पन्न ना हो।
ओवरहेड फुट ब्रिज के दोनों तरफ 40-40 सीढ़ियां बनेगी। सिविल अस्पताल में आने वाले रोगियों के लिए फुट ब्रिज से सीधे अस्पताल के लिए रास्ता भी बनाया जाएगा ताकि लोगों को अस्पताल में पहुंचने में कोई भी परेशानी ना उठानी पड़े। इस ओवरहेड फुट ब्रिज के बन जाने से सिविल अस्पताल के समीपवर्ती क्षेत्र में लोगों को राष्ट्रीय उच्च मार्ग को क्रॉस करने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस संदर्भ में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि ओवरहेड फुट ब्रिज की आवश्यकता घुमारवीं शहर में बढ़ गई थी। जिसके चलते इसकी मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष रखी गई थी। इसके लिए धन किया प्रावधान कर दिया गया है। ओवरहेड फुट ब्रिज जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा